AdnanSami : अदनान सामी के घर में करोड़ों का खजाना ! :- मुंबई में सितारों के घर अक्सर अपनी भव्यता और लग्जरी के लिए चर्चा में रहते हैं, लेकिन गायक और संगीतकार अदनान सामी का घर अपनी सजावट से कहीं ज्यादा वहां मौजूद अनमोल कलेक्शन के लिए खास है। हाल ही में फिल्ममेकर फराह खान ने अदनान के लोखंडवाला स्थित पेंटहाउस का होम टूर किया।
इस दौरान घर का ऐसा हिस्सा सामने आया, जिसे देखकर फराह कई बार अपनी हैरानी छिपा नहीं पाईं। घर में भारतीय सिनेमा के पुराने रिकॉर्ड से लेकर अंतरराष्ट्रीय संगीत की यादें और ऐतिहासिक पांडुलिपियां तक मौजूद हैं।
अदनान सामी का घर मुख्य रूप से ऑफ-व्हाइट रंगों में सजाया गया है। घर में दाखिल होते ही अदनान और उनकी पत्नी रोया फरयाबी की तस्वीरों से बना एक खूबसूरत कोलाज नजर आता है।
इसके आगे बड़ा लिविंग एरिया है, जिसे अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है। यहां मेहमानों के बैठने की जगह के साथ डाइनिंग एरिया और म्यूजिक कॉर्नर भी बनाया गया है।
घर के शुरुआती हिस्से में मौजूद छोटे से म्यूजिक एरिया में पियानो रखा गया है। यह जगह खास तौर पर छोटी महफिलों और संगीत से जुड़े गेट-टुगेदर के लिए तैयार की गई है। इसके सामने ऑफ-व्हाइट डाइनिंग टेबल है, जबकि दीवारों पर पुराने रिकॉर्ड, कलाकृतियां और सिल्वर कलेक्टिबल्स सजे हुए हैं।
दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से जुटाया सामान
घर की साज-सज्जा देखते हुए फराह खान ने अदनान से सिल्वर क्रॉकरी के बारे में पूछा। अदनान ने बताया कि ये चीजें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से उनके परिवार तक पहुंची हैं।
उनके माता-पिता डिप्लोमैट रहे हैं, इसलिए बचपन में उन्हें अलग-अलग देशों में रहने का मौका मिला। इसी वजह से उनके घर में कई देशों की संस्कृति और इतिहास से जुड़ी चीजें दिखाई देती हैं। फराह ने इस दौरान मजाकिया अंदाज में कहा कि उनका घर किसी एंबेसी जैसा लगता है। हालांकि, घर की सबसे खास चीजें अभी सामने आनी बाकी थीं।
दीवार पर सजे हिंदी सिनेमा के सुनहरे दौर के रिकॉर्ड
अदनान के घर की एक पूरी दीवार भारतीय फिल्मों के प्रतिष्ठित गानों के मूल रिकॉर्ड से सजी हुई है। इसमें ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘यादों की बारात’, ‘आराधना’, ‘पाकीजा’, ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘शोले’ और ‘बैजू बावरा’ जैसी फिल्मों से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं। अदनान के लिए ये सिर्फ सजावट का सामान नहीं है।
उन्होंने बताया कि बचपन में वह इन्हीं रिकॉर्ड को सुनते हुए बड़े हुए और इनका उनकी संगीत यात्रा से गहरा संबंध रहा है। यानी घर की दीवार पर मौजूद हर रिकॉर्ड उनके लिए किसी न किसी निजी याद से जुड़ा हुआ है।
इस कलेक्शन में भारतीय सिनेमा के इतिहास की बेहद महत्वपूर्ण फिल्म ‘आलम आरा’ का मूल रिकॉर्ड भी शामिल है। ‘आलम आरा’ को भारत की पहली बोलती फिल्म माना जाता है। इसे देखकर फराह खान की हैरानी साफ नजर आई।
