FinancialPlanning : मालामाल कर देगे फाइनेंशियल प्लानिंग के 7 नियम :- आज की बचत भविष्य का सहारा , ये कहावत आपने बुजुर्गों से तो जरूर सुनी होगी लेकिन कितने लोग बचत करते हैं ये बड़ा सवाल है। इसके लिए तैयारी बचपन से करनी जरुरी है। हम बात कर रहे हैं पैसों की सही समझ और बचत की आदत की।
अक्सर बच्चों को पढ़ाई, खेल और अच्छे संस्कारों के बारे में तो बताया जाता है, लेकिन पैसे कैसे बचाने हैं और उनका सही इस्तेमाल कैसे करना है, यह सीख पीछे छूट जाती है. फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि बच्चों को छोटी उम्र से ही बचत, निवेश और आर्थिक अनुशासन की बुनियादी बातें सिखानी चाहिए. इससे वे बड़े होकर पैसों से जुड़े फैसले समझदारी से ले सकते हैं. आइए जानते हैं पैसे संभालने के वे 7 नियम, जिन्हें माता-पिता बच्चों को बचपन से सिखा सकते हैं।
1. जल्दी बचत और निवेश शुरू करने की आदत डालें
बच्चों को सबसे पहले यह समझाना जरूरी है कि पैसे को बढ़ने के लिए समय देना पड़ता है. जितनी जल्दी बचत और निवेश की शुरुआत होगी, लंबे समय में कंपाउंडिंग का फायदा उठाने के लिए उतना ही ज्यादा समय मिलेगा. कंपाउंडिंग का मतलब है कि निवेश पर मिलने वाला रिटर्न भी आगे रिटर्न कमाने लगता है. बच्चों को छोटी उम्र से ही यह समझाना चाहिए कि अमीर बनने का कोई शॉर्टकट नहीं होता. नियमित बचत और लंबे समय तक धैर्य बनाए रखना जरूरी है।
2. जेबखर्च से नियमित बचत करना सिखाएं
बच्चों को आर्थिक अनुशासन सिखाने का सबसे आसान तरीका है कि वे अपने पॉकेट मनी का एक छोटा हिस्सा नियमित रूप से बचाएं. इसके लिए बड़ी रकम की जरूरत नहीं है. शुरुआत में हर सप्ताह या महीने मिलने वाले जेबखर्च में से कुछ रुपये अलग रखे जा सकते हैं. इससे बच्चों को समझ आएगा कि बचत के लिए बहुत ज्यादा पैसे होना जरूरी नहीं है, बल्कि नियमित रूप से बचत करना ज्यादा मायने रखता है. धीरे-धीरे यही आदत बड़े होने पर उन्हें नियमित निवेश करने में मदद कर सकती है।
3. कमाई बढ़े तो बचत भी बढ़ाएं
तीसरा जरूरी नियम है कि जैसे-जैसे कमाई बढ़े, वैसे-वैसे बचत और निवेश की रकम भी बढ़ानी चाहिए. कई लोग सैलरी या बोनस बढ़ने पर अपने खर्च बढ़ा लेते हैं, लेकिन बचत पहले जितनी ही रखते हैं।
बच्चों को अभी से यह आदत सिखाई जा सकती है कि जब भी उन्हें ज्यादा पॉकेट मनी मिले या किसी खास मौके पर पैसे मिलें, तो उसका कुछ हिस्सा भविष्य के लिए बचाएं. बड़े होने पर जब उनकी आमदनी बढ़ेगी, तो वे अपनी बचत भी उसी हिसाब से बढ़ा सकेंगे।
4. सारा पैसा एक ही जगह लगाने से बचें
पैसों से जुड़ा एक अहम नियम है कि पूरी रकम किसी एक निवेश विकल्प में नहीं लगानी चाहिए. इसे डाइवर्सिफिकेशन कहा जाता है. इसका मतलब है कि अपनी जरूरत और जोखिम उठाने की क्षमता के हिसाब से निवेश को अलग-अलग विकल्पों में बांटना।
5. बाजार के उतार-चढ़ाव में धैर्य रखना सीखें
शेयर बाजार में कभी तेजी आती है तो कभी गिरावट. ऐसे में कई निवेशक घबराकर अपना निवेश रोक देते हैं या जल्दबाजी में पैसा निकाल लेते हैं. लेकिन लंबे समय के निवेश में केवल कुछ दिनों या महीनों के उतार-चढ़ाव को देखकर फैसला लेना सही नहीं होता. बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि हर चीज का नतीजा तुरंत नहीं मिलता।
6. पैसे बचाने से पहले अपना लक्ष्य तय करें
बिना किसी लक्ष्य के बचत या निवेश करने से कई बार गलत फैसले हो सकते हैं. इसलिए बच्चों को सिखाएं कि पैसे किस काम के लिए बचाए जा रहे हैं, यह पहले से तय होना चाहिए. जैसे कोई खिलौना खरीदना, साइकिल लेना या भविष्य में पढ़ाई के लिए पैसे जमा करना।
7. सुनी-सुनाई बातों पर नहीं, जांच-पड़ताल के बाद करें फैसला
बच्चों को समझाना जरूरी है कि किसी की बात सुनकर या वायरल मैसेज देखकर पैसों से जुड़ा फैसला नहीं लेना चाहिए. निवेश से पहले जानकारी जुटाना, विकल्पों की तुलना करना और जोखिम को समझना जरूरी है. बच्चों को भी यह आदत डालनी चाहिए कि किसी चीज को खरीदने या पैसे खर्च करने से पहले उसकी जरूरत और कीमत के बारे में सोचें।
