LPGShortage : बायोगैस घर में लगाने, खर्च और इस्तेमाल का तरीका :- LPG गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच लोग LPG गैस के विकल्पों की तलाश में हैं। ऐसे में लोगों का ध्यान बायोगैस की ओर भी गया है। आजकल घरों की छत और यहां तक की बालकनी में भी मिनी बायोगैस प्लांट लगवाया जा सकता है। घर के कचरे से ही चलने वाला बायोगैस प्लांट LPG के खर्च और निर्भरता को खत्म कर सकता है। बायोगैस मुख्य तौर पर मीथेन और कार्बन डाइऑक्साइड होती है और LPG की तरह ही इस्तेमाल की जा सकती है। यह उन लोगों के लिए एक बेहतर ऑप्शन हो सकती है, जो ना सिर्फ LPG गैस पर निर्भर नहीं रहना चाहते बल्कि घर के कचरे का भी अच्छे से निपटारा करना चाहते हैं।
बायोगैस गीले कचरे, गोबर और खराब खाने के सड़ने से बनती है। ऐसे में आप घर के कचरे से गैस पर खर्च होने वाला पैसा बचा सकते हैं। यह खाना बनाने के लिए मुफ्त ईंधन देने के साथ-साथ पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतरीन होती है। अब सवाल उठता है कि इसे घर में इस्तेमाल करने की टेक्नोलॉजी क्या है?
दरअसल आजकल घर में बायोगैस प्लांट लगवाना अब बहुत आसान हो गया है। शहरी अपार्टमेंट्स के लिए अब पोर्टेबल या प्री-फैब्रिकेटेड बायोगैस प्लांट उपलब्ध हैं। इन्हें लोग घरों की छत या फिर बालकनी में भी रख सकते हैं। इसके सेटअप में एक डाइजेस्टर टैंक, कचरा डालने के लिए एक इनलेट और एक गैस होल्डर शामिल होता है।
एक 3-4 सदस्यों वाले परिवार के लिए 1 घन मीटर के पोर्टेबल बायोगैस प्लांट की कीमत लगभग 15,000 से 25,000 के बीच आती है। अगर आप इसे जमीन से पक्का बनवाएं, तो लागत थोड़ी कम हो सकती है। हालांकि रख-रखाव के लिए पोर्टेबल बायोगैस प्लांट बेस्ट माने जाते हैं।बायोगैस का घर में इस्तेमाल करना उतना ही आसान है, जितना कि LPG गैस को इस्तेमाल करना। इसके लिए आपको सिर्फ हर दिन घर का गीला कचरा जैसे फलों के छिलके, बचा हुआ खाना, खराब सब्जियां आदि या गोबर को पानी में मिलाकर इनलेट में डालना होता है। यह कचरा बायोगैस प्लांट में जाकर सड़ता है और इससे गैस बनती है। यह पाइप के जरिए सीधे आपके किचन के बायोगैस चूल्हे तक पहुंचती है।
बड़ी बात है कि बायोगैस प्लांट का रख-रखाव भी मुश्किल नहीं है। इसके लिए आपको सिर्फ इस बात का ध्यान रखना होता है कि इसमें प्लास्टिक, कांच या रसायनों वाली चीजें न डालें। इतनी ही नहीं गैस बनने के बाद इसमें बचने वाला लिक्विड अवशेष को आप अपने पौधों के लिए खाद की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
