DubaiJobReality : दुबई में कमाने का सपना तोड़ देगा लड़की का अनुभव :- विदेश जाकर अच्छी नौकरी करना और बेहतर जिंदगी जीना आज भी लाखों लोगों का सपना है। खासकर दुबई को लोग एक शानदार लाइफस्टाइल के ऑप्शन की तरह देखते हैं लेकिन वहां रह रही एक भारतीय महिला ने एक वीडियो के जरिए लोगों को इस सपने की दूसरी तस्वीर भी दिखाई है। महिला ने बताया कि दुबई में नौकरी पाना जितना आसान दिखता है, असल में उतना आसान नहीं होता।
नौकरी के लिए दुबई जाने से पहले इन बातों को जरूर जान लें
दुबई में रहने वाली भारतीय महिला लाडली गौर ने अपने इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने अकाउंट @ladligaur से शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि अगर कोई तनाव और मुश्किलों का सामना नहीं कर सकता, तो उसे दुबई आने का फैसला सोच-समझकर करना चाहिए।
उनका कहना है कि यहां आने से पहले आपको दिमागी तौर पर काफी मजबूत होकर आना चाहिए। लाडली गौर ने बताया कि उन्हें अक्सर ऐसे छात्रों और युवाओं के मैसेज आते हैं जो 12वीं पास करने के बाद दुबई आकर नौकरी करना चाहते हैं। कई लोगों को लगता है कि यहां पहुंचते ही आसानी से नौकरी मिल जाएगी, लेकिन हकीकत इससे काफी अलग है।
नौकरी लगने के बाद भी आती है यह एक दिक्कत
गौर ने बताया कि ज्यादातर लोग विजिट वीजा पर दुबई पहुंचते हैं और फिर नौकरी की तलाश शुरू करते हैं। कई बार नौकरी मिलने के बाद भी कंपनी तुरंत रोजगार वीजा नहीं देती। पहले कुछ महीनों तक काम देखकर कर्मचारी का परफॉर्मेंस चेक किया जाता है। इस दौरान विजिट वीजा खत्म होने का खतरा भी बना रहता है, जिसे बढ़वाने में एक्स्ट्रा टाइम और पैसा दोनों लगता है।
इसे पार कर गए फिर भी इतना टाइम तो लग ही जाएगा
लाडली के मुताबिक, नौकरी मिलने और सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने में तीन से चार महीने तक लग सकते हैं। इस लंबे इंतजार के कारण कई लोग मानसिक रूप से परेशान हो जाते हैं। उन्होंने वायरल वीडियो (Viral Video) में आगे यह भी कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से कई लोगों को बीच में ही हार मानकर अपने देश लौटते देखा है।
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका मकसद किसी को विदेश जाने से रोकना नहीं है। वह सिर्फ इतना चाहती हैं कि जो लोग दुबई जाने की योजना बना रहे हैं, वे वहां की असली स्थिति को पहले से समझ लें और हर एक चैलेंज के लिए तैयार रहें।
