WeatherUpdate : 15 राज्यों में तेज आंधी, बारिश का अलर्ट जारी :- राजधानी दिल्ली में इस समय पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. सूरज का प्रकोप अहमदाबाद, राजस्थान से लेकर चेन्नई तक जारी है. कई शहरों में तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
तेज धूप के कारण लोग दिन में घरों से निकलने से बच रहे हैं. इस बीच, मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है कि मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और कई राज्यों में बारिश की शुरुआत हो सकती है।
राहत के साथ खतरा भी है, क्योंकि 15 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी है. चलिए इस खबर में आपको बताते हैं कल यानी सोमवार (24 मई, 2026) को देशभर में मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में लू का कहर
दिल्ली और उसे सटे NCR इलाकों में 28 मई तक लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि कुछ दिनों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, उत्तर प्रदेश में भी मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है. मेरठ, शामली, बुलंदशहर और सहारनपुर जैसे जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, नोएडा, वाराणसी और झांसी में गर्मी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा और पश्चिमी इलाकों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है. हालांकि, 28 और 29 मई से पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाओं और हल्की बारिश से राहत मिल सकती है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी का असर जारी है, जबकि हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में भी लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
एक तरफ उत्तर भारत भीषण गर्मी से जूझ रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में अगले चार से पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु के नीलगिरि, इरोड, धर्मपुरी, कृष्णागिरी और वेल्लोर समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कोयंबटूर, मदुरै और तिरुची जैसे इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है।
