UPSCPreparation : लड़की बोली – ‘मैं 1 कमरे में जिंदगी जीती हूं’ , सुनिए आपबीती :- पिछले दो साल से दिल्ली में अकेले रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही जयश्री चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए अपने महीने का खर्च बताया है. उन्होंने कहा, ‘मैं एक कमरे में जिंदगी जीती हूं, जिसके किराए और मेंटेनेंस का खर्च 12,300 रुपये है. इसके बाद 1500 से 2000 रुपये बिजली बिल के भरने पड़ते हैं. करीब 5 से 6 हजार रुपये हर महीने ग्रोसरी में खर्च होते हैं।
30 हजार तक आता है महीने का खर्च
जयश्री ने आगे बताया, ‘इसके अलावा ट्रैवलिंग में मेरे 2000 से 3000 रुपये खर्च हो जाते हैं. 5000 से 6000 रुपये ऑनलाइन या बाहर जाकर खाने पर खर्च हो जाते हैं. जब मुझे घर जाना होता है तो मेरे खर्चे थोड़े बढ़ जाते हैं. उसके बाद 3000 से 4000 रुपये किताबे खरीदने और बाकी चीजों में खर्चे होते हैं. ऐसे करते-करते मेरे महीने का खर्च 30 हजार रुपये पहुंच जाता है. कभी-कभी इससे भी ज्यादा खर्च हो जाता है ।
‘इस खर्च का एक हिस्सा मैं खुद उठा रही’
जयश्री ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘जो लोग इस खर्च को एक महीने के हिसाब से ज्यादा समझ रहे हैं, उन्हें बता दें कि मैं उसका एक हिस्सा खुद पार्ट टाइम कंटेंट क्रिएशन से कमा कर भर रही हूं. सिर्फ बाकी बची रकम भरने के लिए ही परिवार वालों से मदद ले रही हूं. मैं कोशिश करती हूं कि इससे मेरी पढ़ाई को नुकसान न हो और मेरा काम भी हो जाए।
’12 हजार में मिलता है छोटा सा कमरा’
जयश्री ने एक दूसरा वीडियो अपने कमरे पर बनाया है, जिसमें वे दिखाना चाह रही हैं कि 12 हजार रुपये महीने का रेंट देकर दिल्ली में कितनी बड़ा कमरा मिलता है. वीडियो के मुताबिक, उनका कमरा छोटा सा है. सिंगल बेड से सटाकर स्टडी टेबल लगाई गई है. बेड के सामने बाथरूम है. उसी के बाहर एक छोटी सी स्लिप पर ओपन रसोई बना दी गई है. पूजा घर उन्होंने खिड़की पर बनाया हुआ है. जयश्री का कहना है कि उनके रूम में वेंटिलेशन की सबसे बड़ी समस्या है।
