HaripurKalsi : कालसी की धरती इतिहास, आस्था और समृद्ध परंपराओं की भूमि – धामी :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिपुर कालसी क्षेत्र को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास की महत्वपूर्ण सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण तथा माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर माँ यमुना के पावन तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ यमुना आरती का आयोजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी साधु-संतों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह के साथ यमुना आरती में श्रद्धापूर्वक प्रतिभाग किया। श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत इस आयोजन से कालसी का यमुना तट आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कालसी की धरती इतिहास, आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि है। माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और यमुना आरती जैसे आयोजन इस क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान को और मजबूती प्रदान करेंगे। माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास भी कालसी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर माँ यमुना के पावन तट पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम एवं यमुना आरती श्रद्धा और आध्यात्मिक भाव के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर कुल 2100 दीपों से माँ यमुना का पावन तट जगमगा उठा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास केवल तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों के विकास तक सीमित नहीं है । सरकार विकास कार्यों का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाना चाहती है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, परिवहन, खान-पान और अन्य स्वरोजगार क्रियाकलापों को बढ़ावा मिलेगा।
इससे स्थानीय युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि उपस्थित रहे।
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का कहना है कि मोतियों की माला सा दमकता यमुना तट पर विकसित हरिपुर घाट अब आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप के साथ पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए नई आभा बिखेर रहा है।
₹7.52 करोड़ की लागत से तैयार यह सुसज्जित स्नान घाट क्षेत्र में आस्था, पर्यटन और विकास को एक नई दिशा दे रहा है। यहाँ आने वाले सैलानियों के लिए शाम की रोशनी में जगमगाता घाट यमुना तट की सुंदरता को और भी मनमोहक बनायेगा ।
