धामी मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना फिर हुई तेज़ ! :- एक तरफ कयासबाजी मंत्रिमंडल विस्तार की , दूसरी तरफ पेपर लीक से मचा बवाल और इनके दरम्यान लगी भाजपा की पाठशाला जहाँ दिग्गजों ने मंथन किया और टारगेट था मंत्रिमंडल विस्तार या मिशन 2027 ….. देहरादून में भाजपा ने प्रदेश संगठनात्मक कार्यशाला के साथ विधान सभा चुनाव 2027 की तैयारी का बिगुल बजा दिया है।
वहीँ सूत्र बताते है कि असल मकसद तो इस बात की रायशुमारी करना था जिसमें कुछ मंत्रियों को हटाने और कुछ को शामिल करने के लिए राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा में संभावित नामों को लेकर चर्चा हुई है।
बैठक में शामिल सूत्रों की माने तो संभावना इस बात की भी है कि पार्टी की क्लास रूम में 1 या 2 मंत्रियों के रिपोर्टकार्ड पर चर्चा हुई है और उनके भाग्य का फैसला भी प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व ने मिलकर तय का लिया है जिसका खुलासा नए विधायकों के मंत्री बनाने के एलन के साथ किया जा सकता है।
राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा के साथ नए प्रदेश पदाधिकारी भी इस दौरान बैठकों में शामिल रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह संगठन की पहली कार्यशाला है और अब संगठन का विस्तार बूथ स्तर तक किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथ ही विजय का मुख्य केंद्र है. इसलिए बूथ स्तर पर समन्वय और प्रबंधन को मजबूत करना कार्यशाला का प्रमुख एजेंडा है।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि पंचायत, नगर निगम और अन्य स्थानीय चुनावों में भी कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन से जोड़ा जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं और 2027 में भाजपा की जीत सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह कार्यशाला सभी जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री, प्रभारी और मोर्चों के प्रमुखों को नए जोश के साथ एकजुट होकर काम करने का अवसर दे रही है।
उन्होंने कहा कि ये सभी लोग लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और अब नए दायित्व मिलने के बाद मिशन 2027 की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक मेहनत करेंगे।
सीएम धामी ने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर टीम भावना से काम करें, ताकि 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बने.आपको बता दें कि 2027 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में भाजपा ने अपने संगठन में बदलाव करते हुए नए पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 2027 चुनाव के लिए रणनीति पर चर्चा करनी शुरू कर दी है।