NamoBharatExpress : दिल्ली से हरिद्वार तक नमो भारत से सफर! मेरठ कॉरिडोर का हो सकता है विस्तार, रूट का होगा सर्वे :- उत्तराखंड की विश्वविख्यात धार्मिक नगरी हरिद्वार-ऋषिकेश तक नमो भारत एक्सप्रेस ट्रेन से सफर संभव हो सकता है। इसको लेकर रूट पर सर्वे की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
अभी दिल्ली से मेरठ के बीच नमो भारत एक्सप्रेस से लोग सफर कर रहे हैं। नमो भारत ट्रेन का संचालन करने वाली नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) के इस विस्तार प्रोजेक्ट पर विचार कर रही है।
इसके निर्माण से दिल्ली से हरिद्वार तक का सफर काफी तेज हो जाएगा। हरिद्वार-ऋषिकेश तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली-देहरादून रैपिड रेल नेटवर्क के विकास से पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड तक दिल्ली से कनेक्टिविटी काफी मजबूत हो जाएगी। तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और सामान्य यात्रियों को एक बेहतर विकल्प मिलेगा।
एनसीआरटीसी की ओर से प्रस्तावित विस्तार प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने पर सहमति बनी है। एनसीआरटीसी के एमडी शलभ गोयल की ओर से इस संबंध में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन को पत्र लिखा गया है।
इसमें प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई है। साथ ही, मुख्य सचिव से शुरुआती स्टडीज के लिए जरूरी फंड की मंजूरी मांगी गई है। प्रस्ताव में रूट का सर्वे, अल्टरनेटिव एनालिसिस रिपोर्ट तैयार करना और डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) का ड्राफ्ट बनाने की बात कही गई है। प्रोजेक्ट पर आगे काम के लिए इन मुद्दों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एनसीआरटीसी ने प्लानिंग प्रोसेस के तहत सर्वे और जरूरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए 7.02 करोड़ रुपये की मांग की है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने प्रदेश के परिवहन विभाग को इस प्रोजेक्ट के लिए एक औपचारिक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है।
प्रस्ताव तैयार होने के बाद, इसे मंजूरी के लिए राज्य कैबिनेट के सामने रखे जाने की उम्मीद है। परिवहन विभाग ने नमो भारत ट्रेन के प्रस्तावित विस्तार और इसके लिए जरूरी फंड के बारे में वित्त विभाग के साथ बातचीत भी शुरू कर दी है।
