2027UttarakhandElection : किसानों को जल्द मिलेगी गन्ना मूल्य बढ़ोतरी की खुशखबरी? :- यूँ तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में पहुंचे थे जहाँ उन्होंने क्षेत्र को कई बड़ी सौगाते दी लेकिन इसके सियासी मतलब भी साफ़ बता गए कि आगामी विधान सभा चुनाव में पार्टी कौन से नए समीकरण पर आगे बढ़ने जा रही है।
मंच से सरकार ने एलान किया कि लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले के निर्माण, लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध का निर्माण कराए जायेंगे।
प्रदेश में किसानों को साधते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है. पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी. इस वर्ष भी शीघ्र ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक एवं छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं. मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं।
नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है. लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है. उन्होंने कहा कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है. क्षेत्र के 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं. जल जीवन मिशन के अंतर्गत ₹58 करोड़ से अधिक की लागत की 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है.मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं और जोश भरे अंदाज़ को मंगलोर में भाजपा की किलेबंदी के रूप में भी देखा जा रहा है।
