GhaziabadCrime : वो देती रही पति-बेटे और भांजे को धीमा जहर :- दो करोड़ रुपये का इंश्योरेंस और 5 से 6 करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी… करोड़ों की संपत्ति हासिल करने के लालच में एक पत्नी पर अपने ही परिवार के लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने का आरोप है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पत्नी रेनू भटनागर पर अपने पति, बेटे और भांजे को धीरे-धीरे लेड पॉइजन (सीसा) देकर मारने की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
5-6 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ का इंश्योरेंस
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की नजर अपने पति सुशील कुमार भटनागर की करोड़ों रुपये की ट्रैवल एजेंसी और उनके नाम पर मौजूद दो करोड़ रुपये के जीवन बीमा पर थी। इस बीमा पॉलिसी में रेनू खुद नॉमिनी थी। पुलिस का कहना है कि पति की मौत के बाद संपत्ति और बीमा की रकम हासिल करने के लालच में उसने यह साजिश रची।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सुशील कुमार भटनागर की ट्रैवल एजेंसी की कीमत करीब 5 से 6 करोड़ रुपये है। इसके अलावा उनके नाम पर लगभग दो करोड़ रुपये का जीवन बीमा भी है। आरोपी पत्नी इस पॉलिसी में नॉमिनी थी।
पति के साथ बेटे और भांजे को भी बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, रेनू भटनागर को लगता था कि पति की मौत के बाद ट्रैवल एजेंसी और इंश्योरेंस की पूरी रकम उसके कब्जे में आ जाएगी। इसी आर्थिक लालच में उसने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।आरोप है कि रेनू ने केवल अपने पति को ही नहीं, बल्कि बेटे और भांजे को भी इस साजिश का निशाना बनाया।
तीनों को धीरे-धीरे लेड पॉइजन देने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, महिला का मकसद पति की मौत के बाद उनकी संपत्ति और आर्थिक संसाधनों पर अधिकार हासिल करना था।
वसुंधरा निवासी सुशील कुमार भटनागर ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी रेनू भटनागर और उसके परिवार के कुछ सदस्य उन्हें, उनके बेटे और भांजे को जान से मारने की नीयत से धीमा जहर दे रहे हैं।शिकायत के मुताबिक, पिछले कुछ समय से सुशील की तबीयत लगातार खराब चल रही थी।
उन्होंने कई चिकित्सकीय जांच और उपचार कराया। इसी दौरान जांच में उनके शरीर में लेड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई। शिकायतकर्ता के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया था कि सामान्य परिस्थितियों में शरीर में इतनी मात्रा में लेड का पहुंचना स्वाभाविक नहीं माना जाता। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
शिकायत मिलने के बाद इंदिरापुरम पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मेडिकल रिपोर्टों का परीक्षण किया और शिकायत में जिन लोगों पर संदेह जताया गया था, उनकी भूमिका की पड़ताल शुरू की।
मामले में कार्रवाई करते हुए इंदिरापुरम पुलिस ने 23 नवंबर को आरोपी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आर्थिक लाभ से जुड़ी कई जानकारियां सामने आईं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सोचा था कि पति की मौत के बाद ट्रैवल एजेंसी और बीमा की पूरी रकम उसके कब्जे में आ जाएगी। इसी लालच में उसने पति समेत परिवार के अन्य लोगों को लेड पॉइजन देना शुरू किया।
हालांकि, पुलिस आरोपी के बयानों का अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी परीक्षण कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लेड पॉइजन कहां से हासिल किया गया और किस माध्यम से पीड़ितों को दिया जा रहा था।
