ArjunRampalWedding : 53 साल की उम्र में दूल्हा बने अर्जुन रामपाल :- बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपने फैंस को सरप्राइज देते हुए अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स से शादी कर ली है। दोनों ने गोवा में शादी को आधिकारिक रूप से रजिस्टर कराया। अर्जुन और गैब्रिएला पिछले छह साल से अधिक समय से रिलेशनशिप में हैं और उनके दो बेटे भी हैं।
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय कानून के तहत शादी के पहले और दूसरे हस्ताक्षर के बीच 15 दिनों की अनिवार्य अवधि होती है। हालांकि, कपल ने इस अवधि में छूट के लिए विशेष अनुमति ली थी। इसके बाद शादी का रजिस्ट्रेशन पूरा किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स ने उत्तरी गोवा के मापुसा स्थित बर्डेज सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी का रजिस्ट्रेशन कराया।
इस दौरान उनके कुछ करीबी दोस्त भी मौजूद रहे। दोनों ने जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। सब-रजिस्ट्रार सन वर्नेकर के मुताबिक, यह विवाह गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत रजिस्टर किया गया है। गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं। फिलहाल यह कपल पणजी के पास सुकोरो गांव में रह रहा है।
शादी से पहले अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स ने 2025 में अपनी सगाई की जानकारी साझा की थी। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के साथ हैं। अर्जुन और गैब्रिएला ने 2019 में अपने पहले बेटे एरिक का स्वागत किया था।
इसके करीब चार साल बाद 2023 में उनके दूसरे बेटे अरिव का जन्म हुआ। अर्जुन रामपाल ने एक इंटरव्यू में यह भी बताया था कि दो बच्चे होने के बावजूद उन्होंने लंबे समय तक शादी क्यों नहीं की।
उन्होंने कहा था कि उनके लिए शादी सिर्फ एक कागज का टुकड़ा नहीं है, बल्कि रिश्ते की स्थिरता और आपसी समझ ज्यादा मायने रखती है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना था कि शादी का आधिकारिक होना कभी-कभी रिश्ते में बदलाव ला सकता है।
