DehradunDM : चार धाम यात्रियों को चाय-नाश्ता, खाना फ्री :- देहरादून के डीएम सविन बंसल ने ऋषिकेश में चार धाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का दौरा करते हुए सभी विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सहयोग के लिए निर्देश दिए हैं। आपको बता दें कि उत्तराखंड की प्रसिद्ध चार धाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन हो रही है।
जिले में यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के बाद चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण कक्ष एवं पूरे परिसर का निरीक्षण करते हुए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पर्यटन अधिकारी को पंजीकरण काउंटर एवं मोबाइल टीम सक्रिय करने के निर्देश भी दिए हैं।
सफाई हेतु नगर निगम ऋषिकेश को 50 लाख स्वीकृत
पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पंजीकरण के लिए 30 मोबाईल टीम में लगाई गई है जिनमें 25 टीमें दिन में तथा 5 टीम रात्रि से प्रातः तड़के तक होटल, सराय धर्मशाला में ठहरे लोगों का पंजीकरण करेंगी। धर्मशाला, आश्रम, सरायों में 7100 बैड चिन्हित है।
चारधामयात्रा ट्रांजिट कैंप में 24 काउंटर तथा आईएसबीटी पर 6 पंजीकरण काउंटर लगाए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रियों हेतु ट्रांजिट कैंप पर निशुल्क चाय नाश्ता एवं एवं खान की व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही इस कार्य में स्वैच्छिक रूप से कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूह एवं अन्य संस्थाओं की भी सहयोग प्राप्त कर लिया जाए।
जिलाधिकारी निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में बड़ी स्क्रीन लगाई जाए जिसमें होटल धर्मशाला के संपर्क नंबर के साथ ही पर्याप्त बैड की डिटेल आदि समुचित विवरण की जानकारी चलाई जाए साथ ही फ्लेक्सी के माध्यम से भी सूचनाओं को चस्पा की जाए जिससे यात्रियों को परेशानी न हो।
उन्होंने निर्देश दिए की ट्रांजिस्ट कैंम्प में इंटीग्रेटेड कंट्रोलरूम 24×7 सक्रिय किया जाए जिसमें सभी विभागों के कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाए। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग का अलग से कंट्रोलरूम रहेगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्राजिस्ट कैम्प ऋषिकेश एवं हरबर्टपुर में 24×7 मेडिकल टीमें तैनात की जाए। जिस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि ऋषिकेश एवं हरबर्टपुर यात्रा पड़ाव के लिए 06 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। जिनमें 03 टीमें ऋषिकेश तथा 03 टीमें हरबर्टपुर में तैनात रहेगी।
