FuneralPlanning : जीते-जी शवयात्रा की बुकिंग करवा रहे लोग ! :- मेट्रो सिटीज और देश-विदेश के बड़े शहरों में बदलते पारिवारिक ढांचे और बिजी लाइफस्टाइल के बीच अब अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाएं करना भी चुनौतीपूर्ण बनता जा रहा है. भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मोक्ष वॉयेज का स्टॉल इसी बदलाव की तस्वीर पेश कर रहा है. अंतिम यात्रा से लेकर अस्थि विसर्जन तक की सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा करने वाला यह प्लेटफॉर्म लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. कंपनी के अनुसार अब तक 300 से अधिक लोग इसके लिए पंजीयन करा चुके हैं, जिनमें कई ऐसे लोग भी शामिल हैं जो अपने जीवनकाल में ही अंतिम विदाई की तैयारी कर रहे हैं।
अंतिम संस्कार से लेकर मोक्ष सेवा तक की पूरी व्यवस्था
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हॉल नंबर 7A में मौजूद मोक्ष वॉयेज का स्टॉल अन्य व्यावसायिक प्रदर्शनों से अलग नजर आता है. यहां अंतिम संस्कार और उससे जुड़ी सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है. स्टॉल पर पहुंचने वाले लोग पहले इस अवधारणा को देखकर आश्चर्य जताते हैं, फिर इसकी कार्यप्रणाली, जरूरत और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हैं।
इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, हरिद्वार, ऋषिकेश, उज्जैन, गया, अयोध्या, मथुरा, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और कोलकाता जैसे शहरों में भी सेवा उपलब्ध होने का दावा किया गया है।
कंपनी के निदेशक विश्व कंदर्प (Vishwa Kandarpa) के अनुसार कई लोग अपने जीवनकाल में ही अंतिम संस्कार संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं. उनका कहना है कि बुजुर्गों का एक वर्ग ऐसा है जिसे लगता है कि भविष्य में परिवार के सदस्यों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े. इसी सोच के साथ लोग पहले से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना चाहते हैं।
इतनी बताई गई सेवाओं की कीमत
मोक्ष वॉयेज के मुताबिक वे केवल भुगतान आधारित सेवाएं ही नहीं देते, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, बेसहारा और लावारिस शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार में भी सहयोग करते हैं. कंपनी के अनुसार ऐसे मामलों में फ्री में सहायता की व्यवस्था भी की गई है।
कंपनी द्वारा उपलब्ध जानकारी के अनुसार सम्मान सेवा पैकेज 29,999 रुपये, श्राद्ध सेवा 69,999 रुपये और मोक्ष संकल्प सेवा 1,49,999 रुपये तक उपलब्ध है. वहीं अंतिम यात्रा वाहन 5,999 रुपये, अर्थी व पूजन सामग्री किट 9,999 रुपये, पंडित सेवा 5,999 रुपये, अस्थि संचयन 2,999 रुपये और अस्थि विसर्जन 5,999 रुपये में उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
