DoonLiteratureFestival : देहरादून में सजे साहित्य और संगीत के सितारे! :- देहरादून में इन लिटरेचर फेस्टिवल के पहले दिन एआर रहमान, इम्तियाज अली शामिल होने पहुंचे जहाँ संगीत के इन दोनों दिग्गजों ने दर्शकों के साथ संवाद किया. वहीं पीपल बाबा से लेकर कुब्रा सेठ तक कई हस्तियों ने भी अलग-अलग मुद्दों पर अपनी बात रखी.फेस्टिवल की शुरुआत स्वागत संबोधन के साथ हुई।
इस दौरान रस्किन बॉन्ड के चर्चित उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ का 70वीं वर्षगांठ विशेष संस्करण भी जारी किया गया. साथ ही रस्किन बॉन्ड लिटरेरी अवॉर्ड्स के तहत युवा लेखकों को सम्मानित किया गया. इसके बाद पर्यावरण संरक्षण पर आयोजित ‘द लैंग्वेज ऑफ ट्रीज़’ सत्र में पीपल बाबा ने अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया महज 11 साल की उम्र में उन्होंने पेड़ लगाना शुरू कर दिया था. इस काम के पीछे उनकी दादी की सीख और प्रकृति के प्रति लगाव सबसे बड़ी वजह रहा. पीपल बाबा ने कहा पेड़ लगाना आसान है, लेकिन उसे अगले पांच साल तक बचाकर रखना असली जिम्मेदारी है. पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान को देखते हुए उन्हें ‘गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज अवॉर्ड’ से सम्मानित भी किया गया. फेस्टिवल के एक अन्य सत्र में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन पर चर्चा हुई।
वहीं, ‘ये दिल मांगे मोर’ सत्र में कारगिल युद्ध के नायक कैप्टन विक्रम बत्रा के जुड़वां भाई विशाल बत्रा ने उनके जीवन के कई अनछुए पहलुओं को सामने रखा. उन्होंने कहा दुनिया विक्रम को एक बहादुर सैनिक और शेरशाह के नाम से जानती है, लेकिन वह चाहते थे कि लोग उन्हें एक बेटे, भाई, दोस्त और जुड़वां के रूप में भी समझें. विशाल ने साथ बिताए बचपन के दिनों और विक्रम की जिंदगी को पूरे उत्साह से जीने की आदत को याद किया।
दोपहर में आयोजित ‘साउंड्स एंड स्टोरीज- द मेकिंग ऑफ आइकॉन्स’ सत्र में एआर रहमान और इम्तियाज़ अली ने इदा अली के साथ बातचीत की. इस दौरान रहमान ने बताया संगीतकार बनने से पहले वह खुद संगीत के श्रोता हैं. संगीत को एक श्रोता की नजर से समझने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा फिल्मों में काम करना उन्होंने पहले से तय नहीं किया था, बल्कि अपने पिता की विरासत के चलते इस क्षेत्र में आए। रहमान ने अपने गानों के बनने से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी साझा किए. उन्होंने बताया ‘हाईवे’ के गाने ‘पटाखा गुड्डी’ और ‘माही वे’ की शुरुआती धुनों में एक जैसी संगीत संरचना थी. वहीं ‘अगर तुम साथ हो’ को अरिजीत सिंह की आवाज ने एक अलग पहचान दी।
रहमान ने कलाकारों के जीवन में आलोचना की अहमियत पर भी बात की. उन्होंने कहा किसी कलाकार के विकास के लिए कभी-कभी हल्का-सा अपमान भी जरूरी होता है, लेकिन यह सही व्यक्ति की तरफ से होना चाहिए. इम्तियाज़ अली ने फिल्म ‘रॉकस्टार’ के दौरान रहमान के साथ काम करने का अनुभव साझा किया.फेस्टिवल में अभिनेत्री और लेखिका कुब्रा सैठ ने अपनी जिंदगी और निजी अनुभवों पर खुलकर बात की।
वहीं कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ ने हास्य को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकलने का एक जरिया बताया. उन्होंने कहा कॉमेडी करते समय मंच पर वह पूरी तरह उसी पल में जीते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि एक कॉमेडियन के लिए यह समझना जरूरी है कि हास्य की सीमा कहां तक होनी चाहिए।