UPSCtopper : कौन हैं यूपीएससी टॉपर राजेश्वरी सुवे एम :- राजेश्वरी सुवे एम तमिलनाडु के मदुरै जिले के वडिपट्टी की रहने वाली हैं। उनका बचपन एक ऐसे परिवार में बीता जहां पढ़ाई और अनुशासन को बहुत महत्व दिया जाता था। उनके पिता अपना बिजनेस करते हैं, जबकि उनकी मां सरकारी संस्थान में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। घर का यही पढ़ाई वाला माहौल उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद UPSC की तैयारी
राजेश्वरी पढ़ाई में शुरू से ही तेज छात्रा रही हैं। उन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई तमिलनाडु स्टेट बोर्ड से पूरी की। इसके बाद उन्होंने चेन्नई के वेल टेक मल्टी टेक इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (B.E.) में ग्रेजुएशन किया। साल 2018 में इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की।
कई बार परीक्षा देकर हासिल की UPSC सफलता
UPSC में सफलता एक ही प्रयास में नहीं मिली। राजेश्वरी ने पांच बार सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा दी। हर प्रयास से उन्होंने अपनी कमजोरियों को समझा और तैयारी को बेहतर बनाया। उन्होंने पहले इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) परीक्षा भी दी थी। लगातार कोशिश और सही रणनीति के चलते आखिरकार 2025 में उन्होंने देश की दूसरी सबसे बड़ी रैंक हासिल कर ली।
राजेश्वरी सुवे एम का क्या था ऑप्शनल सब्जेक्ट
UPSC मेन्स के लिए राजेश्वरी ने सोशियोलॉजी (समाजशास्त्र) को ऑप्शनल विषय के रूप में चुना। उनका मानना है कि यह विषय समाज की संरचना, समस्याओं और नीतियों को समझने में मदद करता है, जो एक अच्छे प्रशासक के लिए बेहद जरूरी है।
राजेश्वरी सुवे एम पहले से कर रही थीं प्रशासनिक सेवा में काम
दिलचस्प बात यह है कि UPSC में टॉप रैंक लाने से पहले ही राजेश्वरी सरकारी सेवा में काम कर रही थीं। वह TNPSC 2024 टॉपर भी रही हैं। वह तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले के कलेक्टर कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर (ट्रेनिंग) के पद पर कार्यरत थीं। इस दौरान उन्हें प्रशासन और सरकारी व्यवस्था को करीब से समझने का अनुभव मिला।
लाखों युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा राजेश्वरी सुवे एम
तमिलनाडु के एक छोटे से कस्बे से निकलकर देश की सबसे बड़ी परीक्षा में टॉप रैंक हासिल करना आसान नहीं होता। राजेश्वरी सुवे एम की कहानी बताती है कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत लगातार की जाए, तो बड़ी से बड़ी मंजिल भी हासिल की जा सकती है। उनकी यह सफलता आज पूरे देश के UPSC उम्मीदवारों के लिए एक मजबूत प्रेरणा बन गई है।
