RajkummarRao : राजकुमार राव-श्रद्धा की जोड़ी लगाएगी डर का तड़का ? :- राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की हिट हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘स्त्री’ के तीसरे पार्ट का फैंस लंबे समय से बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं। अब फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रोड्यूसर दिनेश विजान ने बताया है कि ‘स्त्री 3’ की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है और फिल्म को साल 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।
2028 में आएगी फिल्म
प्रोड्यूसर दिनेश विजान के मुताबिक, डायरेक्टर अमर कौशिक ने ‘स्त्री 3’ की कहानी और स्क्रिप्ट पूरी कर ली है। उन्होंने संकेत दिया कि नई फिल्म में फ्रेंचाइजी से जुड़ी वे चीजें देखने को मिलेंगी, जिन्हें दर्शकों ने पहले पसंद किया था। हालांकि, फिल्म की शुरुआत और अंत को इस बार बेहद चौंकाने वाला रखा जाएगा। रिलीज के लिए स्वतंत्रता दिवस या क्रिसमस का समय चुने जाने की संभावना जताई गई है।
पहले ‘महावतार’ पर काम करेंगे अमर कौशिक
‘स्त्री 3’ शुरू करने से पहले अमर कौशिक अपनी अगली फिल्म ‘महावतार’ पर काम करेंगे। यह माइथोलॉजिकल ड्रामा भगवान परशुराम की कहानी पर आधारित बताई गई है और इसमें विक्की कौशल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। दिनेश विजान ने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद अगले साल के आखिर में ‘स्त्री 3’ की शूटिंग शुरू करने की योजना है।
‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी का सफर
‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 2018 में रिलीज हुई थी, जिसमें राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके बाद 2024 में ‘स्त्री 2’ सिनेमाघरों में आई और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की। अब तीसरे पार्ट से कहानी को आगे बढ़ाने की तैयारी है। फैंस की नजर इस बात पर है कि नई फिल्म में हॉरर और कॉमेडी के साथ कहानी को किस नए अंदाज में पेश किया जाएगा।
