MirzapurMovie : ‘मिर्जापुर’ फिल्म को मिला ‘ए’ सर्टिफिकेट :- वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ ने ओटीटी पर भौकाल मचाने के बाद अब बड़े पर्दे पर धमाल करने की तैयारी कर ली है. ‘मिर्जापुर’ फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म की स्टार कास्ट लगभग वही है, जो वेब सीरीज में नजर आई थी, हालांकि इसमें कई नए नाम भी शामिल किए गए हैं. ‘पंचायत’ के ‘जीतू भैया’ यानी जितेंद्र कुमार के साथ रवि किशन और सोनल चौहान भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. वहीं, सीरीज में जिन कलाकारों के किरदार खत्म हो चुके हैं, उनमें दिव्येंदु शर्मा और श्रिया पिलगांवकर भी फिल्म में नजर आएंगे।
फिल्म में जितेंद्र कुमार वही किरदार निभा रहे हैं, जिसे विक्रांत मैसी ने वेब सीरीज में निभाया था. वह अली फजल के छोटे भाई की भूमिका में नजर आए थे. विक्रांत मैसी अब बड़े सितारे बन चुके हैं साथ ही ‘मिर्जापुर’ एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्म है और यह बात जगजाहिर है कि विक्रांत ने फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली ‘डॉन 3′ से भी किनारा कर लिया था. ऐसे में यह भी माना जा सकता है कि यह दो वजह हो सकती है विक्रांत मैसी के ‘मिर्जापुर’ फिल्म का हिस्सा न बनने के पीछे. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था. अब सवाल यह है कि बड़े पर्दे पर आ रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच कितना उत्साह और बज है. इस बारे में फिल्म कारोबार विशेषज्ञ गिरिश वानखेड़े ने कहा, “एडवांस बुकिंग इतनी भी ज्यादा नहीं है, यह बस ठीक-ठाक है, हम कह सकते हैं. टिकट्स अच्छी जा रही हैं और बज है क्योंकि वेब सीरीज एक बड़ा हिट थी. तो पहला दिन, मैं प्रिडिक्ट करता हूं कि यह 13 से 15 करोड़ के बीच होना चाहिए, इनफैक्ट 12 से 15 करोड़ हो सकता है।
दर्शकों के बीच ‘मिर्जापुर’ काफी लोकप्रिय रही है और इसके किरदारों की भी अपनी अलग फैन फॉलोइंग है. लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि किसी लोकप्रिय वेब सीरीज को फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर उतारे जाने के बाद दर्शकों का रवैया कैसा रहता है. दर्शक अच्छी तरह जानते हैं कि इस सीरीज में हिंसा, गाली-गलौज और ऐसे दृश्य रहे हैं, जिन्हें परिवार के साथ बैठकर देखना आसान नहीं है. ऐसे में फिल्म को मिला ‘ए’ सर्टिफिकेट भी इसकी पहुंच पर असर डाल सकता है, क्योंकि इससे फैमिली ऑडियंस का एक बड़ा हिस्सा सिनेमाघरों से दूर रह सकता है।
